मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का अंतिम संस्कार आज होगा। इसके लिए दोपहर करीब 12 बजे का वक्त तय किया गया है। 11 बजे उनकी शव यात्रा शुरू होगी। इस वक्त उनका शव अंतिम दर्शन के लिए उनके मानसा स्थित पैतृक गांव मूसा में रखा गया है।
इस मौके प्रशंसकों की भारी भीड़ पहुंची है। मंगलवार सुबह ही उनका शव परिवार को सौंपा गया।मूसेवाला का कल 5 डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों को गोलियों के 24 निशान मिले हैं। उनके सिर, पैर, छाती और पेट को बुरी तरह से गोलियों से छलनी किया गया था।
मूसेवाला के बाएं फेफड़े और लिवर में गोली लगी है। इसी वजह से मौके पर ही मौत की संभावना व्यक्त की जा रही है। वहीं बहुत ज्यादा खून बहना भी मूसेवाला की मौत की वजह बना। मूसेवाला का रविवार शाम जवाहरके में गोलियों से भूनकर कत्ल कर दिया गया था।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद बड़ी संख्या में उनके फैन मूसा गांव पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। बठिंडा रेंज के IG पीके यादव और बठिंडा के SSP जे. एलेनचेजियन को मानसा के SSP गौरव तूरा के साथ मानसा में ही कैंप करवा दिया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर मूसेवाला का शव रात भर अस्पताल की मॉर्चुरी में ही रखा गया। आज सुबह शव परिजनों को सौंपा गया।मूसेवाला हत्याकांड की जांच अब हाईकोर्ट के सिटिंग जज करेंगे।
पंजाब के गृह सचिव अनुराग वर्मा ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को पत्र लिख दिया है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने यह मांग की थी।
सिक्योरिटी कटौती लीक पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। पूर्व डिप्टी CM ओपी सोनी ने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
जिसमें कहा गया कि मान सरकार ने राजनीतिक बदले के तहत सिक्योरिटी वापस ली। इसके बाद इसकी सूचना को सार्वजनिक कर दिया। जिसकी वजह से सबके लिए सुरक्षा खतरा पैदा हो गया है।