आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आज से देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू हो गया। देशभर में तिरंगा फहराया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली स्थित अपने निवास पर शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ तिरंगा फहराया। इसके साथ ही अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई।
वहीं, ITBP के जवानों ने लद्दाख में 18,400 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अभियान के तहत गुवाहाटी में तिरंगा प्रभातफेरी में भाग लिया।
इस ऐतिहासिक पर्व के मौके पर केंद्र सरकार ने अभियान के दौरान 13 अगस्त से 15 अगस्त तक देशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया है। इस अभियान के दौरान 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
harghartiranga.com पर कराएं पंजीयन, अपलोड करें तस्वीर
सांस्कृतिक मंत्रालय के आह्वान पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में शामिल होने के लिए इच्छुक भारतीय नागरिक अधिकृत पोर्टल harghartiranga.com पर पंजीयन करा सकते हैं।
वे तिरंगा के साथ अपनी तस्वीर अपलोड कर हर घर तिरंगा सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे।