New Delhi
Dev Sheokand
हरियाणवी सिंगर-डांसर सपना चौधरी एक बार फिर विवादों में हैं। उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक FIR दर्ज की है। मामला धोखाधड़ी का बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस कभी भी उन्हें पूछताछ के लिए बुला सकती है। दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी मीडिया को नहीं दी है। सपना चौधरी के अलावा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी केस फाइल हुआ है, लेकिन इतना तय है कि सपना चौधरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
इससे पहले 2019 में सपना चौधरी की तरफ से उनके भाई ने एक इवेंट ऑर्गेनाइजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सपना चौधरी के साथ डील के तहत तय की गई राशि की बकाया पेमेंट न देने का मामला था। सपना के भाई विकास चौधरी का कहना था कि वह पुलिस के पास इसलिए गए थे, क्योंकि लुधियाना में एक शो के लिए इवेंट ऑर्गेनाइजर ने 8 लाख रुपए देने की बात कही थी, लेकिन उसने सिर्फ 6 लाख रुपए ही दिए थे।
मां बनने के बाद फिर एक्टिव हो चुकी है सपना
सपना चौधरी ने पिछले साल 24 जनवरी को हरियाणवी सिंगर और मॉडल वीर साहू के साथ कोर्ट मैरिज की थी। इस शादी के बारे में दुनिया को बच्चा होने के बाद पता चला। इसके बाद सपना कई दिन तक सुर्खियों में रहीं। बीते साल अक्टूबर में मां बनने के बाद से सपना चौधरी एक बार फिर से संगीत की दुनिया में एक्टिव हो गई हैं और उनके 5 गाने रिलीज हो चुके हैं। यही नहीं स्टेज परफॉर्मेंस देना भी सपना चौधरी ने एक बार फिर से शुरू कर दिया है।