सीकर
देव श्योकंद
किसान नेता राकेश टिकैत ने मंगलवार को राजस्थान के सीकर में महापंचायत में संसद मार्च का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि 40 लाख ट्रैक्टर लेकर संसद जाएंगे। ट्रैक्टर ही किसान का टैंक है। ट्रैक्टर चलेंगे, बैरिकेड टूटेंगे और हम संसद पर तिरंगा लहराएंगे। दिल्ली की घेरेबंदी होगी और इंडिया गेट के पास जो पार्क हैं, उनमें किसान ट्रैक्टर चलाकर खेती करेंंगे।
इसकी तारीख का ऐलान जल्द संयुक्त मोर्चा करेगा। लोग तेल भरवाकर ट्रैक्टर तैयार रखें। अब हलक्रांति होगी। खेती में प्रयोग होने वाले सभी औजार लेकर संसद पर जाएंगे। इसमें 6 सिंगा और 12 सिंगा (जेली) भी होगी।
किसानों से कहा: ट्रैक्टर में तेल भरवा कर रखें, जल्द मोर्चा बताएगा तारीख
बठिंडा में लक्खा पहुंचा मंच पर
दिल्ली हिंसा का आरोपी लक्खा सिधाना मंगलवार को पंजाब में बठिंडा के महाराज गांव में आयोजित किसान महारैली में देखा गया। इस दौरान किसानों ने मंच से चेतावनी दी कि यहां दिल्ली पुलिस आई तो उसका घेराव किया जाएगा। यह गांव प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पैतृक गांव है। वहीं मंच से लक्खा ने कहा कि अब आंदोलन इतना बड़ा है कि पुलिस किसी को अरेस्ट नहीं कर सकती। अगर पंजाब में किसी को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस आती है और पंजाब पुलिस उस टीम का सहयोग करती है तो उसके जिम्मेदार कैप्टन अमरिंदर सिंह होंगे। लक्खा पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपए ईनाम रखा है।
गोदाम तोड़कर बनाएंगे गोशाला
राकेश टिकैत ने कहा कि ये जो बड़े-बड़े गोदाम अडानी और बाकियों के बने हुए हैं, ये तोड़े जाएंगे। इसकी तारीख का ऐलान भी मोर्चा ही करेगा। सब तैयारी रखो। उन्होंने कहा कि इन गोदामों को या तोड़ेंगे या फिर इनकी जगह गोशाला बनाएंगे। अनाज को हम तिजोरी में बंद नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन भी चलाएगा और फसल की कटाई भी करेगा। कोई भी किसान फसल नष्ट न करे।