मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही हैं। मानसा जिले के मूसागांव स्थित पैतृक घर से कुछ देर में अंतिम यात्रा निकलेगी। उनके खेत में ही उन्हें मुखाग्नि दी जाएगी।
मानसा के सिविल हॉस्पिटल में सोमवार को पोस्टमॉर्टम किया गया था। मंगलवार सुबह उनका शव परिवार को सौंप दिया गया। फिलहाल घर पर उनके शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। वहां उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ है।
मूसेवाला की अंतिम यात्रा उनके फेवरेट 5911 ट्रैक्टर पर निकाली जाएगी। मूसेवाला ने अपने कई पंजाबी गीतों में इस ट्रैक्टर का जिक्र किया है। इसे मोडिफाई करवाकर भी उन्होंने घर में रखा हुआ था।
मूसेवाला का रविवार शाम जवाहरके में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पोस्टमॉर्टम में उनके शरीर पर गोलियों के 24 निशान मिले हैं। उनका सिर, पैर, छाती और पेट गोलियों से छलनी हो गया। मूसेवाला के बाएं फेफड़े और लिवर में गोली लगी है।